15 सितंबर 2016

वामन अवतार

'वामन जयंती' (13 सितम्‍बर,2016 को) के अवसर पर 'वामन अवतार' पर रोला छंद (11-13) में कथा-
*************************************************************************

कश्‍यप-अदिति सुपुत्र, प्रथम त्रेता अवतारी।
वामन रूप स्‍वरूप, धरा कुछ सोच विचारी।
वामन अवतार 
बलि दयालु प्रह्लाद, पौौत्र सुत असुर विरोचन।
जीत लिया तिरलोक, किया तप सिद्ध प्रयोजन।।1।।

राजसभा में पहुँच गये, मुनि वामन बन कर।
बलि  जब हुआ प्रसन्‍न, देख बालक सा मुनिवर।
बलि ने तप से जीत, त्रिलोकी राज बढ़ाया।
था प्रबुद्ध किन्‍तु  बलि, उनको हरा न पाया।। 2 ।।

वामन का अवतार, धारि पग तीन बढ़ाए।
देवलोक, भूलोक, लिए मुनि माथ बिठाए।
कर अमरत्‍व प्रदान, बलि पाताल बिठाए। 
देवलोक पा इन्‍द्र, पुन: सुरपति कहलाए।।3।।

प्रकट हुए अच्‍युत, स्‍वरूप विराट दिखाया।
बलि को दी उपाधि, वह महा बली कहलाया।
कह 'अाकुल' कविराय, सुरासुर सभी मनाए।
यह ब्राह्मण अवतार, धर्म की राह बताए।।4।। 



14 सितंबर 2016

हिन्‍दी (दोहा ग़ज़ल)

हिन्‍दी भाषा की बने, ऐसी अब पहचान।
मेहनत से जैसे बने, कोई जब धनवान।

हिन्‍दी को भी गर्व से, अब बोलें हम आप।,
खुशी मिले ज्‍यों दोगुनी, मिलता जब सम्‍मान।

वाहन, घर,  महँगे वसन, मोबाइल का शौक,
हिन्‍दी का भी शौक अब, पालें सब इनसान।

ज्ञानी, संत समाज में, फैलाते सुविचार,
हिन्‍दी के उत्‍थान काा, छेड़े अब अभियान।

'आकुल' हिन्‍दी को मिले, ऐसी एक उड़ान,
मस्‍जि़द में हों कीर्तन, मन्दिर में अब अजान। 

5 सितंबर 2016

शिक्षक दिवस व गणेश चतुर्थी पर रचनायें



आज शिक्षक दिवस  और गणेश चतुर्थी है। श्री गणेश, गुरू  पर रचनायें-
प्रथम पूज्‍य श्री गणेश पर दो कुण्‍डलिया छंद-

इनका अनुपम रूप है, लम्‍बोदर गणनाथ।
श्रीगणेश बैठें सदा, ऋद्धि-सिद्धि के साथ।
ऋद्धि-सिद्धि के साथ, चतुर्भुज रूप लुभाए।
परिकम्‍मा कर मातु, जगत् में प्रथम कहाए।
कह 'आकुल' कविराय, भोग प्रिय मोदक इनका।
भादों सुद की चौथ, जनम दिन मनता इनका।।1।।

गणनायक गणनाथ तुम, शैलसुता के पूत।
विघ्‍न हरण तुम श्रेष्‍ठ हो, धन्‍य समर्थ अकूत।
धन्‍य समर्थ अकूत, कार्तिकेय बने षडानन।
नीलकंठ ने दिया, अनोखा रूप गजानन।
कह 'आकुल' कविराय, भूजूँ मैं प्रथम विनायक।
करूँ नमन गजवदन, मनाऊँ मैं गणनायक।।2।।

गुरु श्री पर कुछ दोहे- (ब्रजभाषा में)

अक्षर ज्ञान दिवाय कै, उँगली पकड़ चलाय।
गुरु ही पार लगाय या, केवट पार लगाया।। 1।।

गुरु से 'आकुल' जगत् में, दूर होयँ त्रय ताप।
आश्रय गुरु को जो रहै, दूर रहें संताप ।।2।।

दीक्षा, ज्ञान व धर्म गुरु, इनकौ नायँ न जोड़।
चलै संस्‍कृति इन्‍हीं सौं, इनकौ नायँ न तोड़।।3।।

मात-पिता-गुरु-राष्‍ट्र ऋण, कोउ न सकै उतार।
जीवन में इन चार की, चरण धूरि सिर धार।। 4।।

गुरु कौ सिर पै हाथ जो, भव सागर तर जाय।
श्रद्धा, निष्‍ठा,प्रेम, जस, धन, सरस्‍वती आय।। 5।।

ऊँचौ गुरु को थान है, कहवै यह इतिहास।
सुर-मुनि-देव-अदैव सब, करें नित्‍त अरदास।।6 ।।

शिक्षक दिवस पर रचना पढेें- 





4 सितंबर 2016

हँस कर जी मितरा तू

ग़ज़ल 
Image result for छोटी छोटी खुशियाँ
सुख में नहीं कभी इतरा तू।
दुख को नहीं कभी छितरा तू।
ये जीवन है आँँख-मिचौली,
इसको हँस कर जी मितरा तू।

मग़रिबज़दा  जमाना याराँँ,
थोड़ा इनसे भी कतरा तू।

सरज़मीन  का ग़र हामी  है,
तब ना बिलकुल भी घबरा तू।

मौसम तो बदला करते हैं,
Image result for छोटी छोटी खुशियाँइनसे नहीं कभी टकरा तू।

बस छोटी-छोटी खुशियों को,
जोड़ सदा क़तरा-क़तरा तू।

ग़म हलका करती हैं बातें,
अपनों से मिल-जुल बतरा तू।

याद करेंगे बाद जहाँँ सब,
दे हो जितना भी फितरा  तू ।

अमृत-विष है जीवन 'आकुुल'
इस को हँस कर पी मितरा तू।

मग़रिबज़दा- पश्चिमी सभ्‍यता का अनुसरण करने वाला
सरज़मीन- मुल्‍क, मातृभूमि, हामी- समर्थक, फितरा- दान.

20 अगस्त 2016

'आकुल' का नवगीत संग्रह 'जब से मन की नाव चली' प्रकाशित। विमोचन शीघ्र

'आकुल' के सद्य प्रकाशित गीत संग्रह 'नवभारत का स्‍वप्‍न सजाएँँ' के बाद प्रकाशित नवगीत संग्रह 'जब से मन की नाव चली' भी प्रकाशित हो चुका है। उक्‍त दोनों पुस्‍तकों का विमोचन शीघ्र ही होना है। पुस्‍तकों का प्रकाशन जयपुर के अनुष्‍टुप प्रकाशन से हुआ है। विमाेचन माह सितम्‍बर में हिन्‍दी दिवस के अवसर पर हिन्‍दी सप्‍ताह के दौरान किया जाना प्रस्‍तावित है।

जन भावनाओं के खिवैया नवगीत- भानु 'भारवि'

वरिष्‍ठ कवि गीतकार डा. गोपाल कृष्‍ण भट्ट 'आकुल' साहित्‍य की बहुविध विधाओं के चितेरे रहे हैं। प्रकाश्‍य कृति 'जब से मन की नाव चली' नवगीत का संकलन हैै, जो कवि के मानवतावादी सोच तथा उसके मंगल के लिए गतिमान संकल्‍पें का संकुल है। उनके गीतों में मानवीय संवेदनाओं की छटपटाहट है। वे जिस परिवेश से गुजरते हैं, वहाँँ उन्‍हें अनेकानेक विसंगतियों से साक्षात् होता है। ये विसंगतियाँँ उनके शब्‍द-चित्रों के माध्‍यम से साहित्‍य के कैनवास पर एक अनूठे अंदाज़ में उभरने लगती हैं। उनके गीतों में चीजों की यथार्थ अभिव्‍यक्ति तो है ही, साथ ही एक ठोस प्रहार भी है।
दलितों, शोषितों, पीडि़तों की पैरोकारी करते उनके गीतों में सर्वसाध्‍य साधन के शोध की ललक भी है। वे अपने आपको निसर्ग के काफ़ी क़रीब पाते हैं। उनके शब्‍दों में बहुतेरे रंग हैं, जिनका उपयोग वे एक कुशल सर्जक की तरह पूरे सामंजस्‍य, सामर्थ्‍य, एवं मनोयोग के साथ अपने गीतों में करते हैं। उनका बिम्‍बविधान अनुपम है। रूपक व प्रतिमानों प्रयोग के वे पारखी हैं।  'चन्‍दनवन में विषधर भटकें...' आदि में दो विषम प्रवृत्तियों के साथ आनुष्‍ठानिक अनवरतता को दर्शा कर कवि सम्‍भावनाअों को तलाशने का अटूट प्रयास करता है।
राजनीति के दल-प्रपंच से वंचित और व्‍यथित औसत जन की पीड़ा का वह सहभागी रहता है। वह 'भ्रष्‍टाचारी दलदल में, इन्‍दीवर खिल रहे देश में/आम आदमी मेहनतकश है, खास जी रहे ऐश में' कह कर एक तीीखा कटाक्ष करता है। उनके गीतों में राष्‍ट्रवाद का स्‍वर अनुगुंजित होता है। कवि परम्‍परावादी लोक मान्‍यताओं व लोक संस्‍कृति का प क्षधर है, तभी तो वह मनुष्‍य को सावचेत करता है 'जो समक्ष है उसे बचा लो/सहज मिले बस उसे बसालो/ अवचेतन मन से क्‍यों विचलित/ जीवन है अनमोल बचालो।' (इसी संग्रह से)  

18 अगस्त 2016

आज है राखी का त्‍योहार

आज है राखी का त्‍योहार
रक्षाबंधन 
भाई को बहिना का उपहार
कच्‍चे धागे में लिपटा है
एक अनोखा प्‍यार।
आज है राखी का त्‍योहार.....

साथ खेल पढ़ बड़े हुए जब
अपने पग पर खड़े हुए जब
रिश्‍तों की तासीर बताई
घर की इज्‍जत है समझाई
मात पिता की प्रतिमूरत है
बहिन भाई की जो सूरत है

एक पेट जाये हैं दोनों
एक खून इक नार।
आज है राखी का त्‍योहार.......
राखी के अवसर पर बेटी कीर्ति(5) और बेटा पीयूष (1) (1989)

संस्‍कार देने होंगे अब
रिश्‍ते दृढ़ करने होंगे अब
घर घर में रिश्‍ते पोषित हों
नारी कहीं नहीं शोषित हो
माँँ बहु बेटी बहिन बहार
घर में सुख की बहे बयार

नैहर और ससुराल बनेंगे
स्‍वर्ग सेतु और द्वार ।
आज है राखी का त्‍योहार......।

15 अगस्त 2016

देश मेरा खुशहाल है


(नवगीत )

जोश अभी भी नहीं हुआ कम
देश मेरा खुशहाल है।

भ्रष्‍टाचारी दलदल में
इंदीवर खिल रहे देश में
आम आदमी मेहनतकश है
खास जी रहे ऐश में
सबको देती खुशी हो गई
उमर उनहत्‍तर साल है।



आदर्शों की ले के गठरिया
खड़ा कबीर बज़ा़र में
बापू के ब्ंदर भी उछलते
देखे हैं सरकार में
संस्‍कृति के वीजारोपण से
बना वो वृक्ष तमाल है।

सर्वे भवन्‍तु सुखिन: व
वसुधैवकुटुम्‍बकम् का दर्शन
गीता-वेद-पुराणों से
मिलता है सबको दिग्‍दर्शन
दशावतारों की भूू पर
महाभारत काव्‍य विशाल है।


हवा चले कैसी कितनी भी
राष्‍ट्रगीत और गान से
ध्‍वज मेरे भारत का हमेशा
फहराएगा शान से
सत्‍यमेव जयते ब्रह्मास्‍त्र व
वन्‍दे मातरम् ढाल है।

(हाल ही में प्रकाशित नवगीत संग्रह 'जब से मन की नाव चली' से )