24 जुलाई 2018

बादलों का नभ पे छाना (गीतिका)

छंद- मनोरम
मापनी - 2122 2122

(अपदांत गीतिका)

बादलों का नभ पे’ छाना.
दामिनी का कड़कड़ाना.

दे गई संदेश बारिश,
आ गया मौसम सुहाना.

नृत्य केकी का सुहाए,
और कोयल का भी’ गाना.

मन भी' चाहे बालकों सी,
मस्तियाँ करते नहाना.

लोकगायन, नृत्‍य, झूले,
उत्‍स घर घर में मनाना.

है यही संस्कृति हमारी,
गीत स्वागत में सुनाना

19 जुलाई 2018

पी मेरा बस शांत समंदर जैसा हो (गीतिका)

छंद- रास
विधान- मात्रा भार 22. 8,8, 6 पर यति, अंत 112. कथ्‍य / शिल्‍प की माँग हो तो पदांत 22 अनुमन्‍य है.
पदांत- जैसा हो.
समांत- अर

पी मेरा बस, शांत समंदर, जैसा हो.
सुंदरता में, पूनम चंदर, जैसा हो.

बोले तो वह, लगे पास ही, सागर के,
बजतीं झालर, घंटी मंदर, जैसा हो.

हाथ लगाते, फिसले ना वह, साहिल सा,
बाहर वैसा, हो वह अंदर, जैसा हो.

नहीं चाहना, राजपाट धन, दौलत की,
नहीं पुरंदर, नहीं सिकंदर, जैसा हो.

ज्वार न आए, बाढ़ न आए, जीवन में,
कभी नचाये, नहीं कलंदर, जैसा हो.

13 जुलाई 2018

एक सच यह कि उम्र ढलती है (गीतिका)


छ्न्द - लौकिक अनाम मात्रिक (मापनी युक्त)
मापनी- 2122 12 12 22
समांत- अती
पदांत- है

सच यही है धरा ही’ चलती है. 
एक सच यह कि उम्र ढलती है

दौड़ता है समय बिना पाँवों, 
सत्‍य ही है हवा बदलती हैं

भाग्‍य बैठे नहीं कभी चमका,  
भाग्‍य रेखा करम से’ बनती है.

जिंदगी से बने घरोंदे हैं, 
मौत कब इक जगह ठहरती है.

कर गुजर भूल जा गिले-शिकवे,
एक दिन तो बरफ पिघलती है.   

4 जुलाई 2018

रूप बदलता चाँद नित

कुण्‍डलिया छंद
1
रूप बदलता चाँद नित, युगों-युगों  से रोज । 
नहीं चाँदनी ने कभी, ढूँढ़ा करी न खोज ।
ढूँढ़ा करी न खोज, कलंकित क्‍यों है चंदा ?
कौन है वह सौतन, जिसने डाला है फंदा ? 
देख कलंकित मौन, शर्म से वह नित गलता । 
दो दिन छिपता शेष, दिनों है रूप बदलता ।। 
 2
रूप बदलते देख भी, दो दिन रह परदेश ।
बदली प्रकृति न चाँद ने, बदला ना  परिवेश ।
बदला ना परिवेश, तभी जग प्रेम विरोधी ।
राधा मीरा हीर, चलीं हर पथ अवरोधी. ।
भक्ति, शक्ति और प्रेम, अग्निपथ पर ही चलते ।
लिखता हर इतिहास, प्रेम के रूप बदलते ।।